ग्रामीण मेधावी छात्र/छात्रा अभिनंदन कार्यक्रम,  रैपुरा-2019

मेधा जब अपना अभिनय करती है तो उसे ऐसे रंगमंच की जरूरत होती है जिसमें वह पुरस्कृत एवं अभिनंदित होती है। ग्रामीण मेधावी छात्र/छात्रा अभिनंदन कार्यक्रम ऐसा ही एक रंगमंच है जो हमारे गांव रैपुरा की प्रतिभाओं को सम्मानित करता है और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादाई होता है।
इस कार्यक्रम की शुरुआत स्व.श्री चंद्रशेखर जी (तत्कालीन आयुक्त वाणिज्यकर) ने वर्ष 1984 को अपने अथक प्रयासों से की थी, इसके बाद से ही यह कार्यक्रम अपनी निरन्तरता बनाये हुए अपने 36वें वर्ष में आ पहुंचा है जिसमें इसने लगातार प्रगति की है। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मेधावी अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन दशहरे के अगले दिन एकादशी (9 अक्टूबर 2019 दिन- बुधवार) को राघवेन्द्र रामलीला समाज मंच, रैपुरा पर रात्रि 9 बजे से सम्पन्न हुआ जिसमें कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं, नवोदय, एकीकृत, राष्ट्रीय प्रतिभा खोज, इंजीनियरिंग तथा मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं के साथ ही विभिन्न सरकारी सेवाओं (राष्ट्रीय एवं प्रांतीय) को मिलाकर कुल 36 मेधावियों को सम्मानित किया गया है। जिसमें कक्षा 5वीं व 8वीं में मेधावियों के चयन के लिए समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष दशहरे के दिन प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन सरदार वल्लभ भाई पटेल पूर्व माध्यमिक विद्यालय रैपुरा में किया जाता है।


वर्ष 2019 का कार्यक्रम अपने आप में एक विशिष्ट कार्यक्रम था, जोकि बार के कार्यक्रम में समिति का जोर महिला सशक्तिकरण व पर्यावरण को समर्पित था जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती सरोज सिंह (प्रवक्ता,  जनसेवा इंटर कॉलेज कर्वी चित्रकूट), विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती कृष्णा देवी (ग्राम प्रधान- रैपुरा) एवं कु. निशा पटेल (समीक्षा अधिकारी हाई कोर्ट इलाहबाद साथ ही एशियन जज कराटे), की उपस्थिति कार्यक्रम को नया स्वरूप प्रदान कर रही थी व मंच संचालन का कार्य भी गांव की ही 2 बेटियों ने कु. प्रियंका सिंह (VDO हमीरपुर) व कु. पुष्पा पटेल ने बखूबी निभाया व इनका सहयोग श्री राजीव सिंह जी (लेखपाल, कर्वी) ने किया।
पुरस्कार वितरण समारोह के बाद मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण के विषय में ही अपनी बात रखी, मुख्य रूप से उन्होंने गांव की बच्चियों की शिक्षा के लिए माता-पिता व अभिभावकों से अनुरोध किया कि वे अपनी लड़कियों को भी लड़कों के समान ही समझें और उन्हें शिक्षित होने के साथ-साथ ही खेल-कूद , कला एवं कौशल के क्षेत्र में भी अपनी योग्यता प्रमाणित करने दें तभी सर्व समाज का निर्माण संभव है ।                                                                           विशिष्ट अतिथि कु. निशा पटेल जी ने बचपन से ही सभी बच्चों की उनकी रूचि के अनुसार उसी क्षेत्र में उन्हें सुविधा प्रदान करने और  प्रेरित करने को कहा और यह भी कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए तथा उनमें रुचि बनाये रखने के लिए मेधावी अभिनन्दन जैसे कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया  तथा उन्होंने कार्यक्रम की सराहना भी की.
पर्यावरण की समस्या आज हमारे आस्तित्व के लिए खतरा बन गयी है,  इसीलिए पर्यावरण समस्या के समाधान के लिए प्रत्येक व्यक्ति का सहयोग आवश्यक है  इसी को ध्यान रखते हुए कार्यक्रम के समापन सत्र में समिति के पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों को पौधे भेंट किये गये.
मेधावी कार्यक्रम के दूसरे दिन समिति के पदाधिकारियों द्वारा पौधरोपण कार्यक्रम भी किया गया जो कि स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति समिति की प्रतिबद्धता तथा जागरूकता के  लिए आवश्यक है. महिला सशक्तिकरण पर समिति में महिलाओं को भी  सदस्य के रूप में शामिल किया गया है.
प्रतिभाओं के इस मंच की उन्नति  में हमारे गांव के विभिन्न अधिकारियों/कर्मचारियों का आर्थिक सहयोग सराहनीय है और गांव के बुजुर्ग व बुद्धिजीवी वर्ग इस कार्यक्रम को वैचारिक मजबूती प्रदान करते आ रहे हैं  इन्हीं के साथ ही अपनी अथक मेहनत और प्रयास से इस कार्यक्रम को पूर्णता प्रदान करती है हमारी 'ग्रामीण मेधावी छात्र/छात्रा अभिनंदन समिति'।

समिति अपना कार्यक्रम नियमित और पारदर्शी रूप से करती रहे इसके लिए आप सबका सहयोग बना रहा है और आगे भी आपेक्षित है। सभी के सहयोग से ही रैपुरा की प्रतिभाएं देश-विदेश भर में फैली हुई हैं व अपनी सेवाएं दे रही हैं और अपना और रैपुरा का नाम रोशन कर रही हैं।
भविष्य की इन्हीं आशा और उम्मीद के साथ.........
आपकी
--ग्रामीण मेधावी छात्र/छात्रा अभिनंदन समिति


ग्रामीण मेधावी छात्र/छात्रा अभिनन्दन समिति के पदाधिकारी अतिथियों के साथ
ग्रामीण मेधावी छात्र/छात्रा अभिनन्दन समिति द्वारा वृक्षारोपण
परीक्षा देने के पूर्व बैठे  5वीं एवं 8वीं के छात्र /छात्रा

Comments

Popular posts from this blog